भारत जैसे देश में लिव-इन रिलेशनशिप कानून की कोई आवश्यकता नहीं: देवकीनंदन ठाकुर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 जून 2025): सोमवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में गोवर्धन मठ पुरी के पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के 83वें प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रोत्कर्ष दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पुरी से सांसद डॉक्टर संबित पात्रा समेत अनेक राजनीतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

इस विशेष अवसर पर मंच से प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने देश, समाज, संस्कृति और धर्म पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “भारत जैसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राष्ट्र में लिविंग रिलेशनशिप कानून की कोई आवश्यकता नहीं है।” उन्होंने भारतीय परंपराओं, संस्कारों और सनातन धर्म की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि “हमारे यहां तो सपने में जिससे प्रेम करते हैं, जीवन भर उसी से प्रेम निभाते हैं। ऐसी परंपराओं वाले देश में लिव-इन जैसे पश्चिमी अवधारणाओं की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”

ठाकुर जी ने मंच से भारत सरकार, मंत्रियों और प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस कानून पर पुनर्विचार करें और इसे रद्द करें, क्योंकि यह भारतीय संस्कृति और पारिवारिक ढांचे के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि “लिव-इन रिलेशनशिप जैसे कानून हमारे परिवारों को तोड़ते हैं और नई पीढ़ी को धर्म से विमुख कर रहे हैं।”

अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र का वास्तविक उत्कर्ष तभी संभव है जब सभी भारतवासी धर्मयुक्त मार्ग पर चलें और सनातन मूल्यों को अपनाएं। उनका वक्तव्य न केवल सामाजिक चेतना का संदेश था, बल्कि धर्म और राष्ट्र के पुनरुत्थान की पुकार भी थी।

इस आयोजन ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति की गूंज को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से प्रस्तुत किया और यह संदेश दिया कि भारत की पहचान उसके सनातन मूल्यों और सशक्त परिवार व्यवस्था से ही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।