गौतमबुद्धनगर पुलिस को मिलेगा ‘टाइम्स सम्मान’, राज्यपाल करेंगी 15 श्रेणियों में उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नोएडा, (22 जून 2025): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट को जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ द्वारा प्रतिष्ठित ‘टाइम्स सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। यह भव्य समारोह 23 जून 2025 को नोएडा स्थित GL Bajaj Institute of Technology and Management में आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी और जिले के विभिन्न थानों एवं इकाइयों से चयनित 15 श्रेणियों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करेंगी।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सेवा, सुरक्षा, कानून व्यवस्था, तकनीकी दक्षता और मानवीय दृष्टिकोण के क्षेत्रों में अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। इसी क्रम में, थाना कासना को सर्वश्रेष्ठ सीसीटीएनएस थाना घोषित किया गया है, जिसने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेशभर में उत्कृष्ट अंक अर्जित किए।
थाना बिसरख से उप निरीक्षक राकेश बाबू और उनकी टीम ने फर्जी पासपोर्ट गिरोह का भंडाफोड़ कर चुनौतीपूर्ण केस सुलझाया और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। एलआईयू से उप निरीक्षक राकेश चौहान को गोपनीय सूचना संकलन में योगदान के लिए चयनित किया गया है। स्वॉट टीम के प्रभारी निरीक्षक यतेन्द्र कुमार और उनकी टीम ने 200 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर ड्रग्स तस्करी पर बड़ा प्रहार किया।
महिला मुख्य आरक्षी मुनेश्वरी देवी और आरक्षी अमित कुमार को न्यायालय में सफल अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए, जिसमें 21 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा हुई, ‘सर्वश्रेष्ठ कनविक्शन’ श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ल, थाना सेक्टर-20, को मीडिया समन्वय और जनसंवाद के ज़रिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुना गया है।
महिला मुख्य आरक्षी प्रियंका अरोड़ा को अंतरराष्ट्रीय पुलिस खेलों में भारत के लिए मेडल जीतने पर ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ का सम्मान मिलेगा। फायरमैन देवेंद्र सिंह और उनकी टीम को अग्निकांड व रेस्क्यू कार्यों में वीरता के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ फायरमैन’ की श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
पीआरवी कमांडर आरक्षी विवेक कुमार को आत्महत्या कर रहे एक व्यक्ति की जान बचाने के साहसिक कार्य हेतु ‘सर्वश्रेष्ठ प्रथम रेस्पॉन्डर’ का सम्मान मिलेगा। थाना जेवर से महिला उप निरीक्षक अंकिता पटेल को महिला-बीट कार्यों में जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक पुलिस अधिकारी’ के रूप में चुना गया है।
प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार तोमर, मीडिया सेल, को सही सूचनाएं समय पर प्रसारित कर सोशल मीडिया और जनमानस में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ मीडिया प्रबंधन’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। महिला उप निरीक्षक शिल्पा चिकारा, थाना सेक्टर-20, को बलात्कार जैसे गंभीर प्रकरण में त्वरित व निष्पक्ष विवेचना के लिए सम्मान प्राप्त होगा।
मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, यातायात पुलिस, को सड़क दुर्घटना में घायलों को प्राथमिक उपचार देने और खोया हुआ बैग व 80 हजार रुपए लौटाने जैसे कार्यों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ यातायात पुलिस अधिकारी’ के रूप में चुना गया है। प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, थाना सेक्टर-39, को IGRS और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ‘सर्वश्रेष्ठ पुलिस नागरिक सेवा थाना’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
अंततः, ‘सर्वश्रेष्ठ प्रोएक्टिव राजपत्रित अधिकारी’ श्रेणी में सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार सिंह (प्रथम, नोएडा) और सहायक पुलिस आयुक्त अरविंद कुमार (तृतीय, ग्रेटर नोएडा) को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीवीआईपी ड्यूटी, त्योहारों और वरिष्ठ नागरिकों की सहायता में महत्वपूर्ण योगदान हेतु सम्मानित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।