उप राष्ट्रपति और राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति से सजेगा AIU सम्मेलन – प्रो. बलविंदर शुक्ला, एमिटी विश्वविद्यालय.
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नोएडा (22 जून 2025): एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा को इस वर्ष एक ऐतिहासिक शैक्षणिक आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। 23 और 24 जून को विश्वविद्यालय परिसर में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) का 99वां वार्षिक आम सभा अधिवेशन एवं राष्ट्रीय कुलपति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे, जबकि समापन सत्र में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल होंगे।

सम्मेलन का विषय “भविष्य की उच्च शिक्षा की परिकल्पना – भारत की निर्णायक भूमिका” रखा गया है। इसमें देश और विदेश के 230 से अधिक कुलपति, निदेशक एवं शैक्षिक प्रतिनिधि प्रत्यक्ष रूप तथा 600 ऑनलाइन से प्रतिभाग करेंगे । सम्मेलन के दौरान उच्च शिक्षा के डिजिटलीकरण, समावेशिता, नवाचार, मूल्यांकन प्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वर्चुअल रियलिटी, साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता, नेतृत्व और ई-गवर्नेंस जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रवाद, हरित एवं संधारणीय परिसर निर्माण तथा गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे भी प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगे।
एमिटी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. बलविंदर शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत को वैश्विक उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक निर्णायक भूमिका में स्थापित करना है। सम्मेलन के अंत में “भविष्य की उच्च शिक्षा” पर एक नीति-पत्र भी जारी किया जाएगा, जो शिक्षा नीति निर्माताओं और संस्थानों के लिए एक दिशासूचक दस्तावेज़ के रूप में कार्य करेगा। साथ ही, विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग, साझा शोध परियोजनाएं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा हेतु एकजुट रणनीति पर भी बल दिया जाएगा।

प्रो. शुक्ला ने बताया कि एमिटी विश्वविद्यालय इस आयोजन के माध्यम से अपनी वैश्विक अधोसंरचना और तकनीकी नवाचार क्षमता को भी प्रदर्शित कर रहा है। विश्वविद्यालय के नोएडा परिसर में 955 ICT-सक्षम स्मार्ट क्लासरूम, 478 अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, हाई-स्पीड वाई-फाई नेटवर्क, पूरी तरह से स्वचालित पुस्तकालय प्रणाली तथा 6 लाख से अधिक डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों वाली डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इसे भारत के अग्रणी विश्वविद्यालयों में शामिल करती हैं।
इस सम्मेलन की विस्तृत जानकारी एक संयुक्त प्रेस वार्ता के माध्यम से एमिटी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. बलविंदर शुक्ला, AIU के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक, एडिशनल प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) संजीव बंसल और डॉ. (श्रीमती) पंकज मित्तल SG AIU ने साझा की। यह सम्मेलन न केवल एमिटी विश्वविद्यालय के लिए बल्कि पूरे देश की उच्च शिक्षा प्रणाली के लिए भी एक ऐतिहासिक और दिशा-निर्धारक अवसर साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।