अहमदाबाद विमान हादसे पर एन.ई.ए. परिवार ने जताया शोक

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (13 जून 2025): अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे से आहत नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एन.ई.ए.) परिवार ने आज शुक्रवार को दोपहर 1:00 बजे एन.ई.ए. भवन में एक शोक सभा का आयोजन किया। इस सभा में हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्रियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और गहरी संवेदना प्रकट की गई।

इस अवसर पर एन.ई.ए. के अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि अहमदाबाद में हुआ यह हादसा केवल एक समाचार नहीं, बल्कि एक ऐसा दुखद अध्याय है जिसने न जाने कितने परिवारों को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा, “वो विमान केवल एक मशीन नहीं थी, बल्कि एक चलती हुई उम्मीद थी। उसमें हमारे अपने थे, कोई भारत का था, कोई विदेश से, कोई माँ थी, जो बेटे के पास लौट रही थी, कोई नौकरी के सफर में था, तो कोई छुट्टी मनाकर लौट रहा था। किसी को क्या पता था कि यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगी।”

मल्हन ने आगे कहा कि यह एक ऐसा क्षण है जब शब्द भी मौन हो जाते हैं, आँखें नम हो जाती हैं और मन व्यथित हो उठता है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को धैर्य, साहस और संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आज तर्क नहीं, संवेदना की ज़रूरत है। हमारा एन.ई.ए. परिवार, देश और पूरी मानवता इन परिवारों के साथ खड़ी है।

शोक सभा में एन.ई.ए. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कोहली, उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव, राहुल नैय्यर, राजन खुराना, कमल इलेक्ट्रा, आलोक गुप्ता, अजय अग्रवाल, इंद्रपाल खांडपुर, पीयूष मंगला, नीरू शर्मा, एस. के. जैन, सुधीर गोयल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

सभा के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना की। एन.ई.ए. परिवार ने इस दुखद घड़ी में एकजुटता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।