Noida Sector-12 में मनी एक्सचेंज कारोबारी की हत्या: पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (13 जून 2025): सेक्टर-12 के डब्ल्यू ब्लॉक (W Block) में मनी एक्सचेंज (Money Exchange) का कारोबार करने वाले ओमपाल भाटी की हत्या के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। जांच में सामने आया है कि वारदात के आरोपियों ने पहले मृतक से जान-पहचान बढ़ाई और फिर लूट की नीयत से हत्या को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूर्व नियोजित साजिश का शक
जानकारी के अनुसार, मृतक ओमपाल भाटी (40) मूल रूप से सिकंदराबाद, बुलंदशहर के निवासी थे। मंगलवार को एक व्यक्ति पवन नाम से सेक्टर-12 स्थित एक दोमंजिला मकान में किरायेदार के रूप में पहली मंजिल पर रहने आया था। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर मकान मालिक अशोक कुमार कश्यप के बेटे अमित रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर उनका दूसरा बेटा प्रदीप कुमार कश्यप परिवार सहित रहता है।
पवन ने अपने एक साथी प्रदीप के साथ मिलकर मंगलवार शाम को फ्लैट किराए पर लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए उन्होंने मकान मालिक को टोकन मनी के तौर पर 1000 रुपए भी दिए। अगले दिन यानी बुधवार को दोनों फ्लैट की सफाई में लगे हुए थे। दोपहर करीब दो बजे उन्होंने ओमपाल भाटी को फोन कर फ्लैट पर बुलाया।
डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद की हत्या
सूत्रों के अनुसार, ओमपाल भाटी फ्लैट पर पहुंचने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक पवन और उसके साथी के साथ रहे। इस दौरान तीनों के बीच बातचीत होती रही। लेकिन शाम करीब चार बजे दोनों आरोपियों ने ओमपाल को गोली मार दी और उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा मानी जा रही है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सेक्टर-12 और आस-पास के इलाके में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से एक स्कूटी और कुछ मोबाइल नंबर भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों का सुराग लगाया गया है।
पांच टीमें गिरफ्तारी में जुटीं
नोएडा जोन के डीसीपी यमुना प्रसाद ने जानकारी दी कि हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहले तीन टीमें बनाई गई थीं, जिन्हें अब बढ़ाकर पांच कर दिया गया है। पुलिस की टीमें कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
मामला दर्ज, जांच जारी
सेक्टर-24 कोतवाली में इस घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई है और पूरी वारदात पहले से योजनाबद्ध थी। पुलिस अधिकारी यह भी मान रहे हैं कि पवन और उसके साथी ने जानबूझकर ओमपाल से दोस्ती कर पहले विश्वास जमाया और फिर घटना को अंजाम दिया।इस जघन्य हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का दबाव बना हुआ है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।