“सेवा ही धर्म है”, परी चौक पर समाजसेवियों के द्वारा राहगीरों के लिए अनोखी पहल
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (13 जून 2025): भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों के लिए ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर एक सराहनीय पहल की गई है। समाजसेवी हरेंद्र भाटी और उनकी टीम ने परी चौक सहित शहर के कई व्यस्त इलाकों में राहगीरों के लिए निःशुल्क ठंडे पानी की व्यवस्था की है। इस व्यवस्था के तहत परी चौक पर तीन बड़े मटके रखे गए हैं, जिन्हें प्रतिदिन दो से तीन बार बिसलेरी के शुद्ध और ठंडे पानी से भरा जाता है।
यह सेवा मई माह से शुरू की गई है और पूरी गर्मी के मौसम तक जारी रहेगी। हरेंद्र भाटी के अनुसार, यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जो रोजाना परी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हैं और तेज गर्मी के बीच राहत की तलाश में होते हैं। परी चौक पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते-जाते हैं, जिनमें से कई यात्री लंबी दूरी तय करके यहां पहुंचते हैं। ऐसे में ठंडा और साफ पानी मुफ्त में उपलब्ध होना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
स्थानीय निवासी और राहगीर इस पहल की खूब सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस भीषण गर्मी में जहां पानी की एक बोतल खरीदना भी कई बार संभव नहीं होता, वहीं इस तरह की नि:शुल्क व्यवस्था आम लोगों के लिए बड़ी राहत देती है। खास बात यह है कि पानी न केवल ठंडा है, बल्कि पूरी तरह से शुद्ध और ब्रांडेड है, जिससे स्वास्थ्य को भी कोई खतरा नहीं होता। हरेंद्र भाटी की टीम का उद्देश्य है कि गर्मी के मौसम में कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।