दिल्ली में भाजपा की “परिवर्तन यात्रा”, 8 दिसंबर से होगी शुरू, कौन कौन बड़े नेता होंगे शामिल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (01 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा ने “परिवर्तन यात्रा” निकालने का ऐलान किया है, जो 8 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चलेगी। यह यात्रा दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी और इसका उद्देश्य आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के भ्रष्टाचार और विफलताओं को जनता के सामने लाना है। भाजपा का दावा है कि दिल्ली सरकार अब “भ्रष्टाचार, वसूली और रंगदारी” की सरकार बन चुकी है और जनता इसे माफ नहीं करेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घोषणा की कि यह यात्रा किसी रथ पर नहीं, बल्कि पदयात्रा के रूप में होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा 7 लोकसभा क्षेत्रों से एक साथ शुरू होगी और हर दिन एक विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। यात्रा का संयोजन दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय करेंगे।
सतीश उपाध्याय ने कहा, “यह यात्रा भाजपा की सरकार बनाने की दिशा में पहला कदम है। आम आदमी पार्टी की सरकार का गुब्बारा फूट चुका है और अब दिल्ली में बदलाव का वक्त आ गया है।” उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थलों से होगी और इसमें भाजपा के बड़े नेता शामिल होंगे।
यात्रा के दौरान भाजपा जनता से सीधा संवाद करेगी। विभिन्न आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) और महत्वपूर्ण मतदाताओं को भी जोड़ा जाएगा। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि यह यात्रा “सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी” होगी, जिसमें हर वर्ग और क्षेत्र को शामिल किया जाएगा।
यात्रा की तैयारियों पर जोर देते हुए, सतीश उपाध्याय ने कहा कि प्रत्येक लोकसभा और जिला स्तर पर जिम्मेदार लोगों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य दिल्ली सरकार की विफलताओं को उजागर करना और भाजपा के विकास के एजेंडे को जनता तक पहुंचाना है।
इस यात्रा में शीर्ष नेता शामिल होंगे और भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के साथ वन-टू-वन संवाद करेगी। यात्रा का रूट और शामिल होने वाले नेताओं की सूची अगले एक-दो दिनों में जारी की जाएगी।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।