दिल्ली सरकार ने बस मार्शलों की नियुक्ति को लेकर एलजी को लिखा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 दिसंबर 2024): दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने केंद्र सरकार से जुड़े अधिकारियों की साजिश का आरोप लगाते हुए, दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में मुख्यमंत्री ने मांग की है कि दिल्ली में बसों में तैनात किए गए 10,000 से अधिक मार्शलों की पुनः नियुक्ति की स्वीकृति दी जाए ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पत्र में मुख्यमंत्री आतिशी ने याद दिलाया कि दिल्ली की बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मार्शल तैनात किए गए थे, जिनकी वजह से महिलाएं और लड़कियां बिना किसी डर के सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने लगी थीं। उन्होंने कहा, “हमारी माताएं, बहनें और बेटियां पहले बसों में असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन मार्शलों की तैनाती के बाद उन्हें आत्मविश्वास मिला और वे सुरक्षित महसूस करने लगीं।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन मार्शलों की नियुक्ति से महिलाओं की सुरक्षा को बहुत बल मिला था, लेकिन केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के कुछ अफसरों के द्वारा एक साजिश के तहत 31 अक्टूबर 2023 को इन मार्शलों को नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अफसरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उन्हें पदोन्नति देकर और बड़े पदों पर बिठा दिया गया।

आतिशी ने इस पत्र में बताया कि इन मार्शलों की नौकरी छिनने से न केवल उनके परिवारों का सहारा समाप्त हो गया, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा का वह कवच भी कमजोर हो गया, जो उन्हें हर दिन सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित महसूस कराता था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मुद्दे पर दिल्ली सरकार ने 13 नवम्बर 2024 को एक प्रस्ताव पास किया था, जिसमें इन मार्शलों की पुनः नियुक्ति की मांग की गई थी। लेकिन पत्र लिखने तक इस प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं लिया गया था, जो उन्हें समझ में नहीं आ रहा था।

अंत में मुख्यमंत्री ने एलजी से हाथ जोड़कर विनती की कि इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि मार्शलों के 10,000 परिवारों को फिर से उम्मीद मिल सके और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बसों में मार्शल तैनात किए जा सकें।

“हम सब आपकी स्वीकृति का इंतजार कर रहे हैं,” मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।