दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया 3.03 करोड़ की पेयजल परियोजना का शुभारंभ, ‘हर घर जल’ मिशन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (08 जून 2025): दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम प्यावली ताजपुर में शनिवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत 303.53 लाख रुपये की लागत से बनने वाली एक महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य गांव के हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसे ‘हर घर जल’ मिशन के तहत एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास और नागरिकों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “ग्राम प्यावली ताजपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया। 303.53 लाख की यह योजना ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह ‘हर घर जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।”
विधायक नागर ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण भारत को सशक्त करने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की योजनाएं गांवों में न केवल स्वास्थ्य सुधारेंगी, बल्कि महिलाओं और बच्चों को पानी की व्यवस्था में होने वाली कठिनाइयों से भी राहत दिलाएंगी।
गांव प्यावली ताजपुर के निवासियों में इस योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इसे वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिली एक बड़ी सौगात बताया और विधायक तेजपाल नागर के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पेयजल परियोजना दादरी विधानसभा क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण बन गई है, जो आने वाले समय में अन्य गांवों को भी स्वच्छ जल व्यवस्था की दिशा में प्रेरित करेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।