नोएडा में इंस्टाग्राम कमेंट बना खूनी भिड़ंत की वजह: प्रॉपर्टी डीलर को 25 युवकों ने पीटा

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (3 जून 2025): सोशल मीडिया पर हुई मामूली कहासुनी ने सोमवार को नोएडा में एक प्रॉपर्टी डीलर की जान पर बन आई। सेक्टर-53 में 20 से 25 युवकों ने मिलकर एक युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि घायल हालत में उसे गाड़ी से कुचलने की भी कोशिश की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना का पूरा विवरण

पीड़ित युवक सौरभ और उसका भाई सुमित दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं और नोएडा सेक्टर-49 में रहते हैं। सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे दोनों भाई कंचन जंगा बाजार होते हुए लॉजिक्स मॉल की ओर जा रहे थे। रास्ते में बिजली घर के पास आकाश अवाना, अमन अवाना, गौरव चौहान और कुनाल चौहान नामक युवकों ने उन्हें रोक लिया।

सौरभ के अनुसार, इन चारों ने पहले बहस की और फिर देखते ही देखते करीब 20-25 युवक वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद सौरभ को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे गए, डंडों से सिर और चेहरे पर वार किया गया। हमलावरों ने उसके हाथों को ईंटों से कुचल दिया और पीठ व सिर पर भी ईंटें बरसाईं।

जान से मारने की कोशिश

जब सौरभ किसी तरह खुद को संभालते हुए सड़क किनारे चलने लगा, तो पीछे से तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मारी। सौरभ टक्कर लगते ही करीब तीन फीट हवा में उछलकर पास की नाली में जा गिरा और दर्द से चीखने लगा।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

सौरभ की चीखें सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उसे नाली से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में गंभीर हालत के चलते उसे सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सौरभ को कई जगह फ्रैक्चर हुआ है, लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

इंस्टाग्राम पर कमेंट बना झगड़े की वजह

एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पीड़ित और आरोपी एक-दूसरे को पिछले ढाई साल से जानते हैं और मिलकर प्रॉपर्टी डीलिंग और टूर एंड ट्रैवल का व्यवसाय करते हैं। कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर किसी फोटो पर सौरभ और सुमित ने एक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर बहस हो गई थी। इसी विवाद के चलते आरोपी पक्ष ने हमला कर बदला लेने की कोशिश की।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनके घरों पर ताले लगे हुए हैं। वायरल वीडियो को सबूत के तौर पर जब्त किया गया है।

वायरल वीडियो ने खोली पोल

घटना के बाद सामने आया एक वीडियो पूरे मामले को साफ दिखाता है। वीडियो में घायल सौरभ को हाथ में ईंट लिए सड़क पर चलते देखा जा सकता है। तभी पीछे से तेज रफ्तार थार उसे टक्कर मारती है और वह नाली में गिर जाता है। थार चालक को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।

जांच जारी है, पुलिस का दावा- जल्द होंगे गिरफ्तारियां

पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।