नई दिल्ली (03 जून 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) के वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर अपनी मज़बूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। सोमवार को संपन्न हुए इन चुनावों में 12 ज़ोन में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के पदों के लिए वोटिंग हुई, जिनके नतीजे अब सामने आ चुके हैं। भाजपा ने कुल आठ ज़ोन में चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को मात्र चार ज़ोन में यह सफलता मिली। इन चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर राजनीतिक हलकों में इसे 12 जून को होने वाली स्थायी समिति के चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
नतीजों के अनुसार, भाजपा ने सेंट्रल, साउथ, शाहदरा नॉर्थ, शाहदरा साउथ, केशवपुरम, सिविल लाइंस, नरेला और नजफगढ़ ज़ोन में चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की। वहीं, आम आदमी पार्टी को सिटी सदर पहाड़गंज, करोल बाग, वेस्ट और रोहिणी ज़ोन में चेयरमैन पद पर सफलता मिली है। इसके साथ ही भाजपा ने 18 में से 11 सदस्य अपने पक्ष में कर लिए हैं, जिससे 12 जून को होने वाले स्थायी समिति के चुनाव में भाजपा की जीत की संभावना प्रबल हो गई है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई ज़ोन में उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए। सिटी सदर पहाड़गंज ज़ोन में AAP के विकास चेयरमैन, पूजा डिप्टी चेयरमैन और राफिया महिर को स्टैंडिंग कमेटी सदस्य के रूप में निर्विरोध चुना गया। करोल बाग में भी AAP के पुनीत राय और कविता चौहान को बिना किसी चुनौती के क्रमश: चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बनाया गया। इसी प्रकार केशवपुरम ज़ोन में भाजपा के विकेश सेठी और अजय रवि हंस को निर्विरोध चुना गया।
नजफगढ़ ज़ोन में भाजपा की सविता ने 20 में से 15 वोट लेकर चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की, जबकि देवेंद्र डिप्टी चेयरमैन बने। शाहदरा साउथ ज़ोन में भाजपा के रामकिशोर शर्मा चेयरमैन चुने गए और राजू सचदेवा डिप्टी चेयरमैन बने। शाहदरा नॉर्थ में पुनीत शर्मा और मुकेश कुमार बंसल को 32 में से 20 वोट मिले, जिससे वे क्रमश: चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बने। साउथ ज़ोन में भाजपा के उमेद सिंह, अनीता और स्टैंडिंग कमेटी सदस्य जगमोहन मेहलावत ने जीत दर्ज की।
नरेला ज़ोन में भाजपा की बबीता और जनता देवी को 19 में से 13 वोट मिले, जबकि सिविल लाइंस ज़ोन में गुलाब सिंह और सुमन कुमारी को 18 में से 11 वोट प्राप्त हुए। सेंट्रल ज़ोन में भाजपा की योगिता सिंह को चेयरमैन पद पर निर्विरोध चुना गया क्योंकि AAP की उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया था, वहीं डिप्टी चेयरमैन बनीं भाजपा की मंजू देवी। इस ज़ोन में भाजपा की दोहरी जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
AAP को कुछ ज़ोन में राहत भी मिली। रोहिणी ज़ोन में चेयरमैन पद पर AAP के अमृत जैन ने 11 वोटों से जीत दर्ज की, हालांकि डिप्टी चेयरमैन भाजपा के नरेंद्र कुमार सिंह बने। पश्चिमी ज़ोन में भी AAP की निर्मला कुमारी और साहिल गंगवाल ने चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के पद जीत लिए। इन आंशिक सफलताओं के बावजूद, MCD में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
इन परिणामों के बाद दिल्ली की सियासत में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, वहीं AAP के लिए यह चेतावनी है कि नगर निगम की राजनीति में उसकी पकड़ ढीली होती जा रही है। स्थायी समिति का चुनाव अब भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों के लिए अहम साबित होगा, जो यह तय करेगा कि MCD की प्रशासनिक बागडोर किसके हाथ में रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।