फर्जी फोनपे ऐप से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (17 दिसंबर, 2024): थाना फेस-2 पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में दुकानदारों को फर्जी फोनपे ऐप के माध्यम से ठगी का शिकार बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आर्यन पुत्र सतीश चंद्र (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गौतमबुद्धनगर के ग्राम चिपियाना, थाना बिसरख का निवासी है।
पुलिस ने ग्राम गेझा सेक्टर-93 स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके पर आरोपी के पास से फर्जी फोनपे ऐप वाला एक टेक्नोस्पार्क मोबाइल फोन और ठगी से खरीदी गई 2 बोतल अंग्रेजी शराब (बेगपाइपर) बरामद की गई।
आरोपी आर्यन एनसीआर क्षेत्र में दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों को निशाना बनाता था। वह दुकानों से सामान खरीदने के बाद अपने मोबाइल में इंस्टॉल किए गए फर्जी फोनपे ऐप के जरिए दुकानदारों को नकली भुगतान दिखाता था। फर्जी भुगतान स्क्रीन देखकर दुकानदार धोखे में आ जाते थे, लेकिन उनके बैंक खातों में कोई पैसा नहीं पहुंचता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अब तक लगभग 1-2 लाख रुपये की ठगी की है। उसने ठगी के पैसों से खरीदे गए सामान जैसे शराब, सिगरेट, बीड़ी और गुटखा का इस्तेमाल मौज-मस्ती के लिए किया।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि डिजिटल भुगतान की पुष्टि हमेशा बैंक खाते में पैसे आने के बाद ही करें। फर्जी ऐप्स के बारे में सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।