सॉफ्टवेयर इंजीनियर को इंस्टाग्राम चलाना पड़ा महंगा, बुरी तरह जाल में फंसे!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (17 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। युवक, जो एक नामी सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता है, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसे एक युवती ने अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित युवक शादीशुदा है और ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती से हुई, जिसने खुद को दिल्ली की निवासी बताया। ऑनलाइन बातचीत के बाद, दोनों ने कई बार आमने-सामने मुलाकातें भी कीं। पीड़ित का आरोप है कि इन मुलाकातों के दौरान युवती ने उसकी अश्लील फोटो खींच ली। बाद में, युवती ने इन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर युवक से 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। युवती लगातार उसे फोन कर पैसे देने का दबाव बना रही थी।
इस धमकी से परेशान युवक ने आखिरकार पुलिस का सहारा लिया और साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया। युवक ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोप लगाया कि युवती की मंशा उसे आर्थिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाने की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे साइबर अपराध की श्रेणी में मान्यता दी और जांच के लिए साइबर क्राइम सेल को सौंप दिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी युवती की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बढ़ती धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया है। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अजनबी के साथ बातचीत करते समय सावधानी बरतें और अपनी निजी जानकारी या फोटो साझा करने से बचें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।