राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर जी.एल. बजाज में गूंजे सेवा, सुशासन और त्याग के संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (27 मई 2025): भारत की महान महिला शासिका और जनसेविका राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर जी.एल. बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स, ग्रेटर नोएडा में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को सेवा, सुशासन और त्याग के आदर्शों पर चलने का प्रेरक संदेश दिया।

स्मृति ईरानी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर ने एक आदर्श प्रशासक के रूप में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका शासन काल महिलाओं के सम्मान, सामाजिक न्याय और परोपकार की मिसाल था। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को चाहिए कि वे अहिल्याबाई के मौन किन्तु प्रभावशाली योगदान से प्रेरणा लें और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को महिला नेतृत्व की शक्ति को आत्मसात करने का संदेश दिया।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का जीवन भारतीय संस्कृति के मूल स्तंभ धर्म, सेवा और विवेक का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे नेतृत्व को अपनाएं जो निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के व्यापक हित में कार्य करे।

इस अवसर पर जी.एल. बजाज की निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) प्रीति बजाज ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई का जीवन नेतृत्व में सहानुभूति, शक्ति और दूरदृष्टि का अद्भुत समन्वय है, जिससे हमारे विद्यार्थियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

जी.एल. बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स, ग्रेटर नोएडा एवं मथुरा के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और महान विभूतियों के मूल्यों को संरक्षित और प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उसी दिशा में एक समर्पित प्रयास है।

समारोह का समापन पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ, जिसमें छात्रों और उपस्थितजनों ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में नैतिक नेतृत्व स्थापित करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न केवल एक ऐतिहासिक श्रद्धांजलि था, बल्कि भावी पीढ़ी के लिए सेवा और सुशासन के आदर्शों को आत्मसात करने का एक प्रेरक अवसर भी सिद्ध हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।