ग्रेटर नोएडा (27 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे 19 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार एक नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मृतक युवक की पहचान 19 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है, जो रबूपुरा क्षेत्र के गांव फलैदा निवासी किसान धर्मपाल सिंह का इकलौता पुत्र था। बताया जा रहा है कि मोनू अपनी पत्नी पायल के साथ बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन दर्शन के लिए बाइक से निकला था। जैसे ही वे पलवल जिले के होडल थाना क्षेत्र अंतर्गत डबचिक रिसॉर्ट के पास पहुंचे, तभी अचानक मोनू की गर्दन में पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाला धारदार चाइनीज मांझा फंस गया।
गर्दन पर गहरे कट के चलते मोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मांझे की वजह से असंतुलित होकर बाइक गिरने से उसकी पत्नी पायल गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही गांव फलैदा में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो महीने पहले ही मोनू की शादी हरियाणा के छायंसा गांव निवासी पायल से हुई थी। इकलौते बेटे की असामयिक मृत्यु से धर्मपाल सिंह और उनके परिवार की हालत अत्यंत दयनीय है, परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में मातम पसरा है।
इस हादसे ने एक बार फिर चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध की मांग को तेज कर दिया है, जो पहले भी कई जानें ले चुका है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि ऐसे जानलेवा मांझों की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।