“पुंछ-पहलगाम की चुप्पी पर सियासी तूफान – अलका लांबा बोलीं, ‘राहुल पहुंचे शहीदों के घर, मोदी प्रचार में मशगूल”
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 मई, 2025): ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने रविवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ और पहलगाम में आतंकी हमलों के बाद जहां नेता विपक्ष राहुल गांधी पीड़ितों से मिलने दो बार पहुंचे, वहीं प्रधानमंत्री अब तक वहां नहीं गए, न ही इन घटनाओं का कोई उल्लेख उनके भाषणों में आया।
लांबा ने सवाल किया कि जब 26 लोग शहीद हो जाते हैं, जब जुड़वां बच्चों को खोने वाले मां-बाप बिलखते हैं, जब डर में जी रहे स्कूली बच्चे अपने दोस्तों को खो देते हैं, तब प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न सिर्फ शहीदों के परिवारों से मिले, बल्कि उन बच्चों से भी जो हमले में अपने सहपाठियों को खो चुके हैं।
उन्होंने विदेश मंत्री जयशंकर और अन्य मंत्रियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कहती है कि फोटो जारी कर दिए गए हैं, लेकिन अब तक यह नहीं बताया गया कि आतंकी कहां हैं – देश में, विदेश में या पाकिस्तान में। लांबा ने कहा कि यह सरकार संसद का विशेष सत्र तक नहीं बुलाना चाहती, ताकि जवाबदेही से बचा जा सके।
अलका लांबा ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिर्फ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाकर सर्वदलीय बैठक का दिखावा कर रही है, जबकि कांग्रेस ने शुरू से ही राजनीति से ऊपर उठकर सरकार और सेना का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी प्रचार में करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, लेकिन शहीदों को श्रद्धांजलि देना, उनके परिवारों से मिलना और देश को भरोसा देना शायद उनके एजेंडे में नहीं है। वहीं राहुल गांधी देश के हर हिस्से में पीड़ा महसूस कर रहे लोगों के बीच खड़े हैं, यही एक सच्चे नेता की पहचान है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।