मोबाइल स्नैचिंग कर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, दोनों गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (24 मई 2025): थाना सेक्टर-49 पुलिस और मोबाइल फोन स्नेचरों के बीच आज सुबह एक तेज़तर्रार मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।

घटना के समय पुलिस टीम सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे। रोकने का इशारा करने पर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नौशाद उर्फ टोला (22) निवासी मोरना, थाना सेक्टर-24 गोली लगने से घायल हो गया।

उसके साथी तरुण (23) को पुलिस ने कॉम्बिंग में गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से स्नैच किया गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल हुई स्प्लेंडर बाइक और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नौशाद पर हत्या, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। तरुण पर भी हत्या का मामला पहले से दर्ज है।

पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल भेजा है और दोनों के आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।