नोएडा में ‘बटरफ्लाई थीम’ लेक पार्क निर्माण तेजी पर, बनेगा जल संरक्षण और मनोरंजन का केंद्र

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (24 मई 2025): नोएडा के सेक्टर-167 में एक अत्याधुनिक लेक पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे विशेष रूप से ‘बटरफ्लाई थीम’ पर विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना करीब 4.4145 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है और इसका उद्देश्य न केवल प्राकृतिक जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि इसे एक प्रमुख सार्वजनिक मनोरंजन स्थल के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निरीक्षण नोएडा अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम ने हाल ही में किया। निरीक्षण के दौरान डीजीएम (सिविल) विजय रावल सहित संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सीईओ ने सेक्टर-135 और ग्राम छपरौली क्षेत्रों का भी दौरा किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

लेक पार्क के निर्माण की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का एक अहम निर्णय भी शामिल है। एनजीटी में एक याचिका के अंतर्गत यह मामला सामने आया था कि श्रेणी-बी और सी के अंतर्गत आने वाले पुराने तालाबों की भूमि पर अन्य विकासात्मक गतिविधियाँ हो रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए एनजीटी ने आदेश दिया कि जहां पर पुराने जल स्रोत समाप्त हुए हैं, वहां समतुल्य भूमि पर नए जलाशयों और वाटर बॉडीज का विकास अनिवार्य होगा। इसी आदेश के अनुपालन में सेक्टर-167 में इस तालाब को बसाया जा रहा है।

लेक पार्क का उद्देश्य केवल वर्षा जल और प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण ही नहीं है, बल्कि इसके चारों ओर हरित क्षेत्र, वॉकिंग ट्रेल्स, मनोरंजन स्थल और खुले स्थान भी विकसित किए जाएंगे। इससे यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आउटडोर डेस्टिनेशन बन सकेगा। पार्क के भीतर कियोस्क लगाए जाएंगे जहां खाद्य व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही ग्रीन बेल्ट का निर्माण भी पार्क को एक हरियाली से युक्त वातावरण देगा।

करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत तैयार किया जा रहा है। नोएडा अथॉरिटी का मानना है कि यह पार्क नोएडा एक्सप्रेस वे और आगरा एक्सप्रेस वे से यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी एक बेहतरीन विश्राम और पर्यटन स्थल के रूप में कार्य करेगा।

इस लेक पार्क के निर्माण से न केवल क्षेत्र की पारिस्थितिकीय संतुलन को मजबूती मिलेगी, बल्कि शहरी जीवनशैली में हरियाली और खुली जगहों की कमी की भरपाई भी होगी। परियोजना के पूर्ण होते ही नोएडा वासियों को एक नया और आकर्षक प्राकृतिक स्थल मिलेगा, जहां वे परिवार सहित समय बिता सकेंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।