ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दी शाहबेरी में चौड़ी सड़क की सौगात, ट्रैफिक जाम से मिलेंगी राहत
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (24 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान आखिरकार हो गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार से चौड़ी की गई सड़क को सार्वजनिक आवागमन के लिए खोल दिया है। इस नई व्यवस्था से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों वाहन चालकों को अब जाम से राहत मिलेगी।
शाहबेरी बाजार से गुजरने वाली संकरी सड़क वर्षों से जाम की मुख्य वजह रही थी। खासकर व्यस्त समय में यहां वाहन रेंगते नजर आते थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शाहबेरी रोड को चौड़ा करने का निर्णय लिया गया। परियोजना विभाग ने तेजी से काम करते हुए यह निर्माण कार्य दो महीने से भी कम समय में पूरा कर लिया।
निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया था, जिससे चारमूर्ति गोलचक्कर पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया था। लेकिन अब नई सड़क के शुरू हो जाने से वहां भी ट्रैफिक का बोझ कम होगा।
करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई इस नई सड़क के साथ दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ी नालियां भी निर्मित की गई हैं, जिससे जल निकासी की समस्या नहीं होगी। अब यह मार्ग पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन गया है।
निर्माण कार्य के दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह और जीएम ए.के. सिंह ने नियमित रूप से निरीक्षण कर प्रगति पर निगरानी रखी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने परियोजना विभाग के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा होना एक सराहनीय उपलब्धि है।
प्राधिकरण ने यातायात प्रबंधन में सहयोग के लिए पुलिस विभाग का आभार भी जताया है। इसके साथ ही स्थानीय दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई है ताकि नवनिर्मित सड़क पर यातायात सुचारु रूप से जारी रह सके। शाहबेरी की यह नई सड़क न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति देगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।