नोएडा की बदहाल बुनियादी सुविधाओं पर फूटा आरडब्ल्यूए का गुस्सा, फोनरवा की बैठक में प्राधिकरण की कार्यशैली पर उठे सवाल
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (16 मई 2025): शहर की सेक्टरवार समस्याओं और नोएडा प्राधिकरण की लगातार अनदेखी को लेकर फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) की कार्यकारिणी बैठक में जमकर नाराजगी देखने को मिली। बैठक में शामिल विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी, निर्माण कार्यों की देरी और सफाई व्यवस्था की बदहाली के कारण सेक्टरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-122 के पी ब्लॉक से भूषण शर्मा ने बताया कि दो वर्षों से बाउंड्री वॉल निर्माण का काम अटका पड़ा है जबकि टेंडर और ठेकेदार दोनों ही तय हो चुके हैं। वहीं, सेक्टर-117 के अध्यक्ष कोशिंदर यादव ने ग्रीन बेल्ट की टूटी दीवारों और सुरक्षा की लचर स्थिति पर चिंता जताई।
सेक्टर-122 के ही देवेंद्र सिंह ने कूड़ा प्रबंधन की बदहाली और सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते बिगड़े हालात पर आक्रोश जताया। दूसरी ओर, सेक्टर-141 के एड. लाटसाहब लोहिया ने सीवर ओवरफ्लो और टूटी नालियों का मुद्दा उठाया।
सेक्टर-31 के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने सेक्टर-32 सिटी सेंटर के गार्बेज डंपिंग ग्राउंड को हटाने की मांग की, जबकि सेक्टर-48 के महासचिव जी.सी. शर्मा ने वर्षों से सामुदायिक भवन की मांग पूरी न होने पर नाराज़गी जताई।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि नोएडा के 50 से अधिक आरडब्ल्यूए ने अपनी समस्याएं लिखित में सौंपी थीं, जिनके समाधान हेतु 19 अप्रैल को CEO एम. लोकेश के साथ बैठक तय हुई थी, लेकिन वह भी रद्द कर दी गई और अब तक कोई नई तारीख नहीं दी गई है।
बैठक में प्रमुख आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो सामूहिक रूप से विरोध की रणनीति अपनाई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।