खैरपुर में किसानों के लीजबैक मामलों की एसआईटी ने की गहन जांच | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (08 मई 2025): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के खैरपुर गुर्जर गांव में किसानों के लीजबैक मामलों की जांच के सिलसिले में बुधवार, 7 मई को विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गहन पड़ताल की। इस एसआईटी का नेतृत्व यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह कर रहे हैं। टीम के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। जांच के दौरान टीम ने खैरपुर गुर्जर गांव पहुंचकर किसानों से बातचीत की और उनसे लीजबैक से जुड़े आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य प्राप्त किए।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जो किसान किसी कारणवश एसआईटी के दौरे के दौरान उपस्थित नहीं हो सके या अपने दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए हैं, वे आगामी बुधवार, 14 मई 2025 को प्रातः 10 बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय में एसआईटी के समक्ष अपने दस्तावेज, साक्ष्य और बयान प्रस्तुत कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आबादी की लीजबैक प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों को देखते हुए शासन ने एसआईटी गठित की थी। अब तक एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर शासन द्वारा 1451 मामलों में लीजबैक की अनुमति दी जा चुकी है और प्राधिकरण इन मामलों में प्रक्रिया पूरी कर रहा है। फिलहाल शेष बचे 86 प्रकरणों की जांच जारी है, जिनमें से 42 मामलों की पड़ताल बुधवार को की गई।
इस दौरान एसआईटी के निरीक्षण में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी जितेंद्र गौतम, तहसीलदार सचेंद्र बहादुर सिंह, संबंधित लेखपाल व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। एसआईटी की यह पहल ग्रामीणों को न्याय दिलाने और लीजबैक प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।