सालेपुर गांव में गोवंश पर फेंका तेजाब, बजरंग दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (8 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सालेपुर गांव के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक गोवंश पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह अमानवीय कृत्य बुधवार को उस समय हुआ जब गोवंश क्षेत्र में खुले में घूम रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय गोसेवकों और ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर उसे बेहतर इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भेजा। गोसेवकों के अनुसार गोवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी।

बजरंग दल के जिला गौरक्षा प्रमुख त्रिलोक नागर ने गुरुवार को दनकौर कोतवाली पहुंचकर इस घटना के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से सालेपुर और उसके आसपास के गांवों में इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि कोई संगठित गिरोह इस तरह की घिनौनी हरकतों को अंजाम दे रहा है।

त्रिलोक नागर ने प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया, तो संगठन व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। इस अमानवीय घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि गोवंश के साथ इस प्रकार की बर्बरता न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं पर भी आघात है।

कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के प्रयास तेज किए गए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर पशु सुरक्षा और गौरक्षा के मुद्दे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की मांग है कि प्रशासन इस दिशा में त्वरित और निर्णायक कदम उठाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।