डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.39 करोड़ की ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (08 मई 2025): साइबर थाना नोएडा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 39 लाख 16 हजार 700 रुपये की ठगी के मामले में वांछित साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुष्पेंद्र को 06 मई को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से पकड़ा गया। गिरफ्तारी लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों में से अब तक 6,72,237 रुपये फ्रीज़ किए जा चुके हैं, जिनकी रिफंड प्रक्रिया प्रचलित है।

घटना के अनुसार, वादी ने 18 मार्च को साइबर थाना नोएडा में एक लिखित तहरीर देकर मामला दर्ज कराया था, जिसमें बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को पुलिस अधिकारी बताते हुए वादी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने की धमकी दी और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोपों में फँसाने की बात कहकर केस का डर दिखाया। आरोपी ने भयभीत कर वादी से कुल 2,39,16,700 रुपये की ठगी कर ली।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों को तुरंत फ्रीज़ करवा दिया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मथुरा से आरोपी पुष्पेंद्र को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस प्रकार की साइबर ठगी करता है। वह अपने गाँव व आस-पास के भोले-भाले लोगों से बैंक खाते लेकर उनमें ठगी की रकम मंगवाता है और फिर नकद निकालकर आपस में बाँट लेते हैं।

पुलिस को आरोपी के केनरा बैंक खाते में 6,30,494 रुपये ठगी की रकम के रूप में प्राप्त हुए थे, जिन्हें आरोपी ने स्वयं बैंक जाकर नकद निकाला और साथियों में बाँट लिया।

मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। इस धोखाधड़ी में प्रयुक्त बैंक खाता एनसीआरपी पोर्टल पर जाँचने पर पाया गया कि इससे संबंधित पहले भी दो शिकायतें दर्ज हैं, एक उत्तर प्रदेश से और दूसरी पश्चिम बंगाल से। इन शिकायतों पर भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

साइबर थाना नोएडा की इस तत्परता से न सिर्फ एक बड़ा साइबर अपराध उजागर हुआ है बल्कि पीड़ित की धनराशि को वापस दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।