शिक्षा नौकरी दे सकती है, दीक्षा जीवन जीने की सही दिशा और दृष्टि देती है: प्रो विनय पाठक | गलगोटियास विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (7 मई 2025): गलगोटियास विश्वविद्यालय (Galgotias University) के ग्रेटर नोएडा परिसर में बुधवार को 2024 बैच के लिए 11वां दीक्षांत समारोह (11th Convocation) अत्यंत गरिमामयी और प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन न केवल विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक स्वर्णिम अवसर था, बल्कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और उत्कृष्टता की दिशा में गलगोटियास विश्वविद्यालय की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक भी रहा।

समारोह में देश की राजनीतिक, शैक्षणिक और औद्योगिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में पीयूष गोयल, वाणिज्य और उद्योग मंत्री, भारत सरकार; उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश; ने समारोह को संबोधित किया। अन्य प्रमुख अतिथियों में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा (Dr Mahesh Sharma, MP) , जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक, तथा प्रख्यात भारतीय उद्यमी एवं एंजेल निवेशक अमन गुप्ता सम्मिलित हुए।

मुख्य समारोह शाम 5:30 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के छात्रों को डिग्रियाँ प्रदान की गईं और उन्हें जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्रों को न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए बधाई दी, बल्कि उन्हें देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित भी किया।

दीक्षांत समारोह के मुख्य आकर्षणों में से एक विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक का संबोधन रहा। उन्होंने छात्रों को शिक्षा और दीक्षा के बीच के अंतर को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा आपको अच्छे पैकेज और नौकरियां दे सकती है, लेकिन दीक्षा जीवन जीने की सही दिशा और दृष्टि देती है। उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उनकी अशिक्षित मां ने उन्हें जीवन के गूढ़ अर्थ सिखाए, जो किसी भी पाठ्यक्रम से अधिक मूल्यवान थे। प्रो. पाठक ने अपने उद्बोधन में ज्ञान के साथ-साथ जीवन कौशल और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समझ और विवेक पैदा करने की प्रक्रिया होनी चाहिए। दीक्षा, व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों से लड़ने की मानसिक शक्ति देती है, जो किसी भी तकनीकी ज्ञान से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने वैश्विक परिदृश्य की चर्चा करते हुए बताया कि आज जब जर्मनी जैसे देश तकनीकी रूप से सशक्त हैं, तब भारत जैसे देश को आत्मनिर्भर बनने के लिए अपने उत्पादन क्षमता पर ध्यान केंद्रित करना होगा। प्रो. पाठक ने कहा कि चीन की उत्पादन क्षमता जहां 27-28% है, वहीं भारत की केवल 2-3% है, जिसे विश्वविद्यालयों की प्रयोगशालाओं से ही बदला जा सकता है। अपने छह वर्षों के गलगोटिया विश्वविद्यालय से जुड़ाव की चर्चा करते हुए प्रो. पाठक ने बताया कि कैसे संस्थान ने पिछले वर्षों में प्रगति की है। उन्होंने भारत को 2047 तक एक वैश्विक राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के विजन की चर्चा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने देश और विदेश की यूनिवर्सिटीज की तुलना करते हुए कहा कि आज शिक्षा को ट्रांसलेशनल होना चाहिए जिससे न केवल ज्ञान मिले बल्कि उत्पाद और संपत्ति भी उत्पन्न हो। छात्रों और शिक्षकों को केवल थ्योरी पर नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल और नवाचार पर फोकस करना चाहिए ताकि शोध सिर्फ शोधपत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि उत्पाद के रूप में परिणत हो। प्रो. पाठक ने कहा कि आज जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे टूल्स 70% कार्य कर रहे हैं, ऐसे में छात्रों को शेष 30% हिस्से में अपनी रचनात्मकता जोड़नी होगी। यही रचनात्मकता उन्हें सफल कर सकती है और उन्हें प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन में भागीदार बना सकती है।

समारोह में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। अमन गुप्ता ने उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जबकि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राज्य सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों की जानकारी दी। इस आयोजन ने न केवल डिग्री प्रदान की, बल्कि युवा स्नातकों को एक विचारशील नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका समझने की दृष्टि भी दी। यह दीक्षांत समारोह निःसंदेह छात्रों के जीवन का प्रेरणादायक मोड़ बन गया।।

गलगोटियास विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।