मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे से जेवर में हलचल तेज, 1,220 करोड़ की ट्रैक्टर फैक्ट्री का होगा शिलान्यास?
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (10/11/2026): गौतमबुद्ध नगर में 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित है। इस संभावित दौरे को लेकर जेवर में तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की सक्रियता बढ़ गई है। हालांकि, अभी मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में लगातार हलचल बनी हुई है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जेवर के दयोरार गांव स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8D में करीब 1,220 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली ट्रैक्टर निर्माण इकाई का शिलान्यास होने की संभावना है। यह परियोजना सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्थापित की जाएगी। यहां न्यू हॉलैंड ब्रांड के ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेने के बाद निर्माण स्थल को समतल करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस परियोजना में करीब 1,220 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। औद्योगिक इकाई स्थापित होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक स्थित चार मूर्ति अंडरपास का लोकार्पण भी शामिल होने की संभावना है। इस अंडरपास का 8 नवंबर को सफल ट्रायल पूरा किया गया था। इसके शुरू होने से गौर चौक और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। पुलिस वाहनों की आवाजाही भी लगातार देखी जा रही है। हालांकि, कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले कुछ रास्तों पर अभी काम बाकी है। गांवों के बीच से होकर आने वाले रास्तों पर वीआईपी आवाजाही के दौरान चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
जेवर पहले से ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण चर्चा में है। अब यहां बड़े औद्योगिक निवेश की परियोजना शुरू होने की तैयारी से क्षेत्र के विकास को लेकर नई उम्मीदें हैं। फिलहाल 12 नवंबर को होने वाले संभावित कार्यक्रम पर पूरे गौतमबुद्ध नगर की निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री का दौरा और दोनों परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आधिकारिक पुष्टि के बाद ही अंतिम माने जाएंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।