Delhi Mayor Exclusive: नव निर्वाचित मेयर राजा इकबाल सिंह की क्या होगी प्राथमिकताएं?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 अप्रैल 2025): दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ चुका है। अब दिल्ली में बीजेपी की ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नवनिर्वाचित मेयर राजा इकबाल सिंह से टेन न्यूज की टीम ने खास बातचीत की, जहां उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। आइए जानते हैं कि दिल्ली के नए मेयर की प्राथमिकताएं क्या होंगी

प्राथमिकताएं क्या होंगी?

मेयर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता दिल्ली को स्वच्छ बनाना है। उन्होंने कहा, “स्वच्छ दिल्ली, पॉल्यूशन फ्री दिल्ली और भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली हमारा लक्ष्य है।” सिंह ने वादा किया कि तीन महीने के भीतर दिल्ली को साफ-सुथरा बनाया जाएगा और निगम में फैले भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया जाएगा। साथ ही, पेंडिंग कार्यों के समाधान के लिए एक महीने के भीतर स्टैंडिंग कमेटी गठित की जाएगी।

चुनाव पर आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया

आम आदमी पार्टी द्वारा चुनाव में कदाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा इकबाल सिंह ने कहा, “जब संख्या बल नहीं होता तो चर्चा में बने रहने के लिए झूठे आरोप लगाए जाते हैं। दिल्ली की जनता ने और उनके पार्षदों ने भी उन्हें नकार दिया है। बीजेपी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

दिल्ली की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?

दिल्ली में मौजूद समस्याओं को लेकर मेयर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी की सरकार ने काम नहीं करने दिया। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के विकास के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। सिंह ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

विपक्षी दलों के साथ काम करने की रणनीति

विपक्षी दलों के सहयोग को लेकर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम के अंदर विपक्ष का खुले दिल से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर विपक्ष सकारात्मक सुझाव देता है तो हम उसे लागू करने में पीछे नहीं हटेंगे। जनता के हित में हर निर्णय लिया जाएगा।”

विकास के पांच प्रमुख लक्ष्य

दिल्ली के विकास के लिए पांच प्रमुखताओं का जिक्र करते हुए मेयर ने बताया

1. स्वच्छ दिल्ली

2. हरी-भरी दिल्ली और पार्कों की सुधार

3. नालियों और गलियों की सफाई एवं डिसिल्टिंग

4. शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में मजबूती

5. जरूरत पड़ने पर नया बुनियादी ढांचा तैयार करना

मुखर्जी नगर की समस्याओं पर एक्शन

मुखर्जी नगर क्षेत्र की समस्याओं पर मेयर ने कहा कि कानून के दायरे में काम करने वालों को हरसंभव समर्थन दिया जाएगा, जबकि गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जर्जर बिल्डिंगों का निरीक्षण कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र सुरक्षित रहे और रोजगार के अवसर भी बढ़ें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।