नोएडा की निर्माणाधीन बिल्डिंग में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (23 अप्रैल 2025): नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-45 में स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के 21वें फ्लोर पर आज सुबह आग लगने की घटना सामने आई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गौतमबुद्ध नगर के फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि आग शटरिंग में लगी थी, जो ऊपरी मंजिल पर होने के कारण नीचे गिरने लगी थी। इससे नीचे निर्माण कार्य में लगी मशीनों और श्रमिकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक दिया गया और आसपास की कई महत्वपूर्ण मशीनों को नुकसान से बचा लिया गया।

घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है, जो राहत की बात रही। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय पर पहुंची दमकल टीम की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

नगर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।