दनकौर क्षेत्र में रंजिश के चलते खेत में रखा चारा जलाया, किसानों को भारी नुकसान

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 अप्रैल 2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुतैना गांव में एक किसान के खेत में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। यह घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जब अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर खेत में रखे पशुओं के चारे को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित किसान सुरेश ने अपने पड़ोसी पर पुरानी रंजिश के चलते यह घिनौनी हरकत करने का आरोप लगाया है।

किसान सुरेश के अनुसार, उन्होंने हाल ही में गेहूं की कटाई के बाद खेत में पशुओं के लिए चारा इकट्ठा कर रखा था। बुधवार सुबह जब वह खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चारे के ढेर में आग लगी हुई है। उन्होंने स्वयं आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग बुझाना संभव नहीं हो सका।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक चारे का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका था। इस घटना से सुरेश के अलावा खेतों के पास रहने वाले अन्य किसानों को भी नुकसान हुआ है, क्योंकि आग की लपटें आसपास के खेतों तक फैल गईं।

सुरेश ने दनकौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पड़ोसी पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों में इस घटना के बाद से आक्रोश और भय का माहौल है। किसानों की मांग है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।