रेस्टोरेंट की चटनी में निकला मरा हुआ कॉकरोच, युवक ने की पुलिस में शिकायत

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा स्थित एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे युवक के साथ बेहद आपत्तिजनक घटना सामने आई है। सेक्टर अल्फा-2 में स्थित ‘ग्रैंड हैरिटेज रिसोर्ट रेस्टोरेंट’ में युवक की थाली में परोसी गई हरी चटनी में एक मरा हुआ कॉकरोच पाया गया। इस घटना से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई।

आधा खाना खाने के बाद दिखा मरा कॉकरोच

तिलपता गांव निवासी प्रदीप भाटी ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे ग्रैंड हैरिटेज रिसोर्ट रेस्टोरेंट में अकेले भोजन करने गए थे। उन्होंने मटर पनीर और रोटियों का ऑर्डर दिया। खाने के साथ रेस्टोरेंट स्टाफ ने सिरका मिला प्याज और हरी चटनी भी परोसी थी। प्रदीप ने बताया कि जब वह आधा भोजन कर चुके थे, तभी चटनी में एक बड़ा मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। यह देख उनका मन बेहद खराब हो गया।

उल्टी कर निकाली राहत, पुलिस को दी सूचना

प्रदीप ने बताया कि उन्होंने तुरंत वाशरूम जाकर गले में उंगली डालकर कई बार उल्टियां कीं। इस घिनौनी घटना के बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने मानी गलती, लेकिन…

घटना के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन प्रदीप ने इसे नजरअंदाज नहीं किया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

पुलिस और एसडीएम को दी जानकारी, जांच शुरू

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खाने की प्लेट का फोटो और वीडियो बनाया। इसके साथ ही पुलिस ने एसडीएम सदर पारुल यादव को फोन पर पूरी जानकारी दी। एसडीएम ने फूड इंस्पेक्टर को घटना की सूचना दी। हालांकि रात का समय होने के कारण खाद्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सकी।

फूड विभाग ने लिया सैंपल, जांच में जुटी टीम

बाद में फूड विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाने का सैंपल जांच के लिए ले लिया। फूड इंस्पेक्टर विशाल गुप्ता ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच जारी है और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में रोष, रेस्टोरेंट की साख पर सवाल

इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और रेस्टोरेंट की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।