नोएडा (22 अप्रैल 2025): थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने भैंस चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों अनवर और इस्लामुद्दीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, घटना में प्रयुक्त पिकअप बुलेरो और 11,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बहलोलपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान की गई, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में विशेष टीम का गठन किया है।
घटना का खुलासा 20 अप्रैल को वादी द्वारा थाना सेक्टर-63 में दी गई तहरीर के आधार पर किया गया, जिसमें बताया गया था कि अज्ञात चोर उसकी तीन भैंसों को पिकअप बुलेरो में डालकर चोरी कर ले गए हैं। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर आज 22 अप्रैल को पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा सहित समस्त एनसीआर क्षेत्र में दिन में रैकी कर रात में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बाद में वे अलग-अलग स्थानों पर मजबूरी का बहाना बनाकर भैंसों को सस्ते दामों में बेच देते थे। आरोपी इस्लामुद्दीन पर विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जो भिन्न-भिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज हुए हैं।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया है कि उन्होंने फरवरी और मार्च महीने में बहलोलपुर इलाके से प्लॉट/घेर से भैंसें चोरी की थीं। फरवरी के अंत में उन्होंने होशियारपुर से चार भैंसें और एक कटरा भी चुराया था। पुलिस ने जो भैंस बरामद की है, वह बहलोलपुर पुस्ता रोड से चोरी की गई थी। आरोपीगण अक्सर अपनी गाड़ी में एक भैंस पहले से रखते थे ताकि रास्ते में अगर पुलिस चेकिंग करे तो उन पर शक न हो। पुलिस के अनुसार, ये लोग बरामद भैंस को दिल्ली के गाजीपुर मंडी में बेचने जा रहे थे।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।