नोएडा पुलिस ने विदेशी नागरिक समेत 4 साइबर अपराधी और ड्रग तस्कर को दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (21 अप्रैल 2025): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत थाना साइबर क्राइम नोएडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी और ड्रग तस्करी में लिप्त एक विदेशी नागरिक समेत चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 से 21 अप्रैल की रात को ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस को गुप्त सूचना, स्थानीय खुफिया तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए इन अपराधियों की मौजूदगी का पता चला था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नाइजीरियन नागरिक UMEALAKEI EMEKA उर्फ एलेक्स, मोहम्मद सावेज उर्फ सानू, अमित गुप्ता और दीपक गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाएं (MDMA टेबलेट), कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, पासपोर्ट और नकद राशि बरामद की है।

पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि इन अपराधियों ने जुलाई 2024 में नैनीताल बैंक के सर्वर को हैक कर 16 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। मामले की तफ्तीश के दौरान इनका नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले भी विभिन्न साइबर अपराधों और नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहे हैं। विशेष रूप से नाइजीरियन नागरिक एलेक्स के खिलाफ दिल्ली और नोएडा में पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

नोएडा पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराध बल्कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है, जिससे अपराधियों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस तरह के अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।