छठ पर्व से पहले बदली-बदली नजर आएगी यमुना, पीएम की अध्यक्षता में बनी नई कार्ययोजना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18 अप्रैल 2025): छठ पर्व से पहले दिल्ली की यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि यमुना नदी के पुनरुद्धार और सफाई के लिए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की मदद ली जाएगी। साथ ही, शहरी नदी प्रबंधन योजना को मास्टर प्लान से जोड़ा जाएगा और नदी के किनारे सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

सरकार ने यमुना सफाई के लिए तीन चरणों की कार्ययोजना तैयार की है। इसमें ल्पकालिक (3 महीने), मध्यम अवधि (1.5 साल तक) और दीर्घकालिक (3 साल तक)। इन योजनाओं में ड्रेन, सीवेज, सॉलिड वेस्ट, डेयरी वेस्ट और औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन के उपाय शामिल किए गए हैं। इसके अलावा, जलमल शोधन संयंत्रों की निगरानी, अपशिष्ट जल उपचार, बाढ़ के मैदानों की सुरक्षा और यमुना के किनारे हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

बैठक में विशेष रूप से इस बात पर बल दिया गया कि छठ पर्व के दौरान आम लोगों को यमुना में साफ-सफाई का स्पष्ट असर दिखाई दे। इसके लिए जल स्रोतों की निगरानी, रीयल-टाइम डाटा संग्रह और अंतरिक्ष तकनीक का उपयोग करने की योजना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गवर्नेंस में सुधार और मौजूदा बुनियादी ढांचे की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए इस तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए।

पेयजल की गुणवत्ता सुधारने के लिए दिल्ली की जल आपूर्ति प्रणाली का पुनर्विकास भी कार्ययोजना का हिस्सा होगा। लीकेज और गैर-राजस्व जल के मुद्दों को हल करने के लिए मॉडर्न तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। दिल्ली समग्र जल प्रबंधन के तहत शहरी नदी प्रबंधन योजना तैयार कर उसे राजधानी के मास्टर प्लान से जोड़ा जाएगा, जिससे योजना का कार्यान्वयन प्रभावी ढंग से हो सके।

यमुना सफाई योजना में दिल्ली के अलावा हरियाणा खंड और प्रयागराज संगम तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। इस कार्य में सांस्कृतिक रूप से समृद्ध ब्रज क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इससे न केवल नदी का भौतिक रूप सुधरेगा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी बल मिलेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वयंसेवकों को इस मिशन में जोड़ा जाएगा, ताकि समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। जलमल शोधन संयंत्रों पर निगरानी, सीवेज प्रवाह को मापने और नालों की सफाई जैसे कार्यों के लिए सर्वोत्तम तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इस समग्र योजना का उद्देश्य केवल छठ पर्व तक ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक रूप से यमुना को पुनर्जीवित करना है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।