नई दिल्ली (18 अप्रैल 2025): दिल्ली सरकार 22 अप्रैल से ‘देवी’ बस सेवा की शुरुआत करने जा रही है, जिसका उद्देश्य राजधानी में अंतिम मील की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। यह सेवा पहले “मोहल्ला बस सेवा” के नाम से जानी जाती थी और अब इसे “दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरचेंज” यानी “देवी” के बैनर तले पेश किया जा रहा है। शुरुआत में 255 नौ मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जो उन इलाकों में जाएंगी जहां बड़ी बसें नहीं पहुंच पातीं। यह पहल खासकर भीड़भाड़ वाले मोहल्लों और मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने के लिए की गई है।
देवी बसों का संचालन गाजीपुर, नांगलोई और ईस्ट विनोद नगर डिपो से शुरू होगा। ये बसें मेट्रो और डीटीसी रूटों के लिए फीडर के रूप में काम करेंगी और हर बस लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। हर डिपो में करीब 100 बसों को रखने और चार्ज करने की सुविधा है। बसों में 23 सीटें होंगी जिनमें से 6 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 13 यात्रियों के खड़े होने की जगह भी होगी। यह सेवा खास तौर पर बुजुर्गों, छात्रों और महिलाओं के लिए सहूलियत लेकर आएगी।
परिवहन विभाग ने टिकट दरें बेहद सस्ती रखी हैं 10, 15, 20 और 25 रुपए के टिकट उपलब्ध होंगे। महिलाओं को पिंक टिकट के ज़रिए इस सेवा में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इन बसों में 196 किलोवाट की क्षमता वाली छह बैटरियां होंगी, जो 45 मिनट के चार्ज में 200 किलोमीटर तक चल सकती हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये बसें पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव देंगी।
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि यह सेवा दिल्ली को स्वच्छ और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की ओर ले जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि 2025 तक बसों की संख्या 10,000 से अधिक हो, जिनमें 80 फीसदी इलेक्ट्रिक बसें हों। ‘देवी’ बसें राजधानी में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने और महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।