ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ा हादसा टला: पेड़ से टकराई स्कूल बस, 5 बच्चे घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (17 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी। यह दुर्घटना डी मार्ट से चार मूर्ति की ओर जाने वाले मार्ग पर घटी, जहां गाजियाबाद स्थित ब्लूम पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी।

हादसे के वक्त बस में लगभग 15 से 18 छात्र सवार थे। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर एक पेड़ से टकराते हुए रुक गई। इस टक्कर में करीब 4 से 5 बच्चों को हल्की चोटें आईं। सभी घायल बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए पास के अस्पताल में भेजा गया।

दुर्घटना के बाद बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

बच्चों को दूसरी स्कूल बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य तक सुरक्षित भेज दिया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाया और यातायात सामान्य कर दिया।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, वहीं स्कूल प्रशासन और परिवहन विभाग से भी रिपोर्ट तलब की जा रही है। गनीमत रही कि हादसा गंभीर रूप नहीं ले सका, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा और उनके रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।