सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (17 अप्रैल 2025): दनकौर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस विवादित पोस्ट को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इसे एक सुनियोजित प्रयास बताया है, जिससे न केवल राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है, बल्कि पुलिस की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस मामले में दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कस्बा चौकी प्रभारी रितेश कुमार ने पुष्टि की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि यह पोस्ट एक पुराने मामले को लेकर की गई है, जिसमें पूर्व में ही आरोप पत्र दाखिल हो चुका है और मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पोस्ट में जहां एक ओर अखिलेश यादव के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने की कोशिश भी की गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पोस्ट क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास हो सकता है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही पोस्ट करने वाले की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबरस्पेस हेल्पडेस्क और अन्य संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया है, ताकि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे इस प्रकार के भ्रामक और भड़काऊ कंटेंट पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय डाकघर और गुरु दयाल हॉस्पिटल के आसपास के इलाके में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपी की पहचान में मदद मिल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।