नोएडा से शुरू हुआ HPV वैक्सीन कार्यक्रम, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की पहल

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (09 अप्रैल 2025): नोएडा में आज एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गौतमबुद्ध नगर की आकांक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि देश में महिलाओं, विशेषकर बेटियों को इस घातक बीमारी से बचाना अब वक्त की मांग है।

राज्यपाल ने एचपीवी वैक्सीन (HPV Vaccine) कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए इसे एक महान पुण्य का कार्य बताया और कहा कि “विकसित भारत की कल्पना तभी साकार हो सकती है, जब देश की हर बेटी स्वस्थ और सुरक्षित होगी।” उन्होंने इस बीमारी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और वैक्सीन को प्राथमिकता देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल एक टीकाकरण अभियान नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र, लैपटॉप और ट्राई साइकिल भी प्रदान की गईं। राज्यपाल ने इन कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें समाज का मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह जेवर एयरपोर्ट देश की प्रगति के लिए अहम है, उसी तरह बेटियों को कैंसर जैसी बीमारियों से बचाना भी उतना ही जरूरी है।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सांसदों से अपील की कि वे इस विषय को संसद में गंभीरता से उठाएं और केंद्र सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग करें। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सरकार 500 करोड़ रुपये का बजट इस अभियान के लिए आवंटित करे, तो यह देश के भविष्य में एक अमूल्य निवेश होगा।

इस सराहनीय पहल में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के जरिए नोएडा ने स्वास्थ्य और नारी सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है, जो न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।