मानसून से पहले एक्शन में नोएडा प्राधिकरण, जलभराव और सीवर की समस्याओं से निपटने की तैयारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (08 अप्रैल 2025): आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें सभी वर्क सर्किल क्षेत्रों में जलभराव से निपटने और सीवर समस्याओं की समीक्षा की गई।

बैठक में सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सदरपुर, बरौला और भंगेल जैसे जलभराव प्रभावित गांवों में स्थायी रूप से सुपर सकर मशीन तैनात की जाए ताकि सीवर की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और बीमारियों से भी बचाव हो।

उन्होंने बताया कि जल निकासी को सुचारू बनाने के लिए नालों की सफाई बेहद जरूरी है। सेक्टर 37 स्थित चर्च से लेकर सेक्टर 38ए गोल्फ कोर्स के पीछे मौजूद नाले की सफाई सुपर सकर मशीन से कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सेक्टर 62-63 की जोनल रोड-6 और सेक्टर 71 से 34 के बीच वाले नालों की सफाई पर भी ज़ोर दिया गया।

लोटस ग्रुप हाउसिंग, सेक्टर-100 द्वारा बिना ट्रीट किया हुआ सीवर पानी मुख्य नाले में डालने के मामले को गंभीर मानते हुए सीईओ ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा e-Office सिस्टम को जल्द लागू करने की हिदायत दी गई और इसमें देरी पर नाराज़गी भी जताई गई।

सीईओ ने वाणिज्यिक भूखंडों की स्थिति का अवलोकन करते हुए जल्द से जल्द नई आवंटन योजनाएं प्रकाशित करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में ऑटो शोरूम की बढ़ती जरूरत को ध्यान में रखते हुए इनके लिए भूखंड चिह्नित कर, नियम व शर्तें जल्द तय करने को कहा गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।