मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया हत्या का आरोपी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (8 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक फरार चल रहे हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोनू (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी ग्राम शोभा का नंगला, थाना चंडौस, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वह थाना बिसरख क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह थाना बिसरख पुलिस रोजा याकूबपुर क्षेत्र में स्थित 6 प्रतिशत खाली प्लॉट के पास चेकिंग कर रही थी, तभी रेलवे पुल की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह रुकने की बजाय बाइक मोड़कर प्लॉट के अंदर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया, जिसके दौरान आरोपी ने पुलिस बल पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हत्या के प्रयास के केस में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ थाना चंडौस, जनपद अलीगढ़ में भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है और उसके किसी गैंग से जुड़े होने की भी संभावना की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में खौफ का माहौल है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।