भाजपा का 45वां स्थापना दिवस एवं जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा का पदग्रहण समारोह संपन्न

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (6 अप्रैल 2025): भारतीय जनता पार्टी का 45वां स्थापना दिवस एवं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा का पदग्रहण समारोह आज ग्रेटर नोएडा के तिलपता गोलचक्कर स्थित पार्टी कार्यालय में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक हवन-पूजन और यज्ञ से हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक दिन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस विशेष समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भाजपा की 45 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और जनता के अटूट विश्वास की बदौलत आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने भाजपा को गंगा मां की तरह पवित्र बताया और यह भी कहा कि यह किसी एक जाति या धर्म की नहीं, बल्कि हर नागरिक की पार्टी है। साथ ही, उन्होंने अभिषेक शर्मा को जिलाध्यक्ष पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए युवा नेतृत्व को संगठन की नई ऊर्जा बताया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिसोदिया ने भाजपा की स्थापना के संघर्षपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि पार्टी की नींव 6 अप्रैल 1980 को रखी गई थी और पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में मात्र दो सीटों से शुरू हुई यह पार्टी आज केंद्र में सशक्त सरकार चला रही है, जो पार्टी की अडिग निष्ठा और संघर्ष का परिणाम है।

दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर और ज़ेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने भी समारोह को संबोधित किया और जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा की नीति “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर आधारित है और नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और भी मजबूत होगा।

एमएलसी श्रीचन्द शर्मा ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को दोहराते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने पदग्रहण के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विशेषता यही है कि एक साधारण कार्यकर्ता भी यहां शीर्ष पद तक पहुंच सकता है, जैसा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में उदाहरण हमारे सामने है।

अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला कार्यक्रम “मां की बात” और “मन की बात” रहा, जिसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिले में सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को पुनः विजय दिलाने का संकल्प लें।

समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता जैसे क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री सतेन्द्र अवाना, जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र नागर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा की विचारधारा और संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और यह संदेश दिया कि भाजपा का उद्देश्य देश के हर नागरिक का विकास और कल्याण सुनिश्चित करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।