रामनवमी पर सीएम रेखा गुप्ता का तीखा वार- ‘हर जगह लंका, हर व्यक्ति रावण जैसा दिखता था’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06 अप्रैल 2025): रामनवमी के पावन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ख्याला इलाके में आयोजित भव्य शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। उनके साथ दिल्ली सरकार के मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। इस यात्रा को भव्य बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर सीएम ने अपने भाषण में न सिर्फ राम के आदर्शों की बात की, बल्कि राजनीतिक कटाक्ष भी किए।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राम का वनवास तो 14 वर्षों में समाप्त हो गया था, लेकिन दिल्ली को अपने ‘राजनैतिक वनवास’ से बाहर निकलने में पूरे 27 साल लग गए। उन्होंने इशारों-इशारों में पूर्व सरकारों पर हमला बोला और कहा कि इतने वर्षों में दिल्ली में बुराइयों की जड़ें गहराई तक फैल चुकी थीं। हर कोने में साजिशों का जाल फैला था और हर फैसला जनता के हितों से दूर होता जा रहा था।

रेखा गुप्ता ने कहा कि बीते समय में दिल्ली ऐसी हो गई थी जैसे हर जगह लंका हो और हर व्यक्ति रावण के रूप में दिखाई देता हो। उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार यह विचार आता था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किन-किन लंकाओं में आग लगाएं और कितने रावणों की भुजाएं उखाड़ें। उन्होंने अपने भाषण को रामभक्तों की भावनाओं से जोड़ते हुए कहा कि जब चारों ओर अन्याय हो, तो एक ही राम बार-बार काफी नहीं होता।

सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर ख्याला की 25वीं रामनवमी शोभा यात्रा के सफल आयोजन पर आयोजकों और श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और समाज के बीच यह आयोजन एकता और सद्भाव की मिसाल पेश करता है। रेखा गुप्ता के उद्बोधन और शोभा यात्रा में उनकी मौजूदगी ने लोगों को प्रेरित किया और रामनवमी का पर्व एक नई ऊर्जा के साथ मनाया गया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।