नोएडा (02 अप्रैल 2025): नोएडा पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.5 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने एक महिला से व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर उसे लोन की ब्याज दर कम करने के नाम पर ठग लिया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 24 मार्च को साइबर थाना, नोएडा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बजाज फिनसर्व के माध्यम से 12 लाख रुपये का लोन लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी दौरान उसे एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बजाज फिनसर्व का रिलेशनशिप मैनेजर बताया। आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि यदि वह चेक के माध्यम से एक निश्चित धनराशि जमा करती है, तो उसका ब्याज दर कम कर दिया जाएगा और यह राशि उसके मूल लोन से समायोजित कर दी जाएगी। झांसे में आकर महिला ने 6.5 लाख रुपये का चेक दे दिया, जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने साइबर ठगों की पहचान कर ली और 01 अप्रैल को सेक्टर 62, नोएडा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार (मूल निवासी मुंगेर, बिहार) और सुशील कुमार (मूल निवासी सीतामढ़ी, बिहार) के रूप में हुई है। वर्तमान में दोनों आरोपी नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में रह रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी लोन लेने वाले लोगों को फोन कर खुद को संबंधित लोन कंपनी का अधिकारी बताते थे और ब्याज दर कम करने के बहाने उनसे ठगी करते थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 238 बीएनएस समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस साइबर अपराधियों के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है ताकि इस तरह की धोखाधड़ी के मामलों पर रोक लगाई जा सके।
नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंकिंग या लोन से संबंधित कोई जानकारी साझा न करें और इस तरह के धोखाधड़ी वाले कॉल से सतर्क रहें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।