दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के इस्तीफे के मांग तेज, AAP विधायकों का प्रदर्शन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (02 अप्रैल 2025): दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने बीजेपी नेता और मंत्री कपिल मिश्रा के इस्तीफे की मांग उठाई, जिस पर सदन में भारी हंगामा हुआ। आप विधायकों ने आरोप लगाया कि 2020 के दिल्ली दंगों के पीछे कपिल मिश्रा की भूमिका रही है, जिसमें 53 लोगों की जान चली गई थी और करोड़ों की संपत्ति नष्ट हो गई थी। आप नेताओं ने कहा कि दिल्ली में कोई भी दंगाई मंत्री नहीं हो सकता और कपिल मिश्रा को उनके पद से हटाया जाना चाहिए। इस हंगामे के बाद बीजेपी सरकार ने आप विधायकों को सदन से बाहर निकाल दिया, लेकिन उन्होंने अपनी मांग जारी रखने की बात कही।
आप विधायकों का कहना है कि कपिल मिश्रा के भड़काऊ भाषणों के कारण दिल्ली में हिंसा भड़की थी और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कपिल मिश्रा को मंत्री पद से बर्खास्त करें। इस मुद्दे को लेकर आप कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी प्रदर्शन किया, क्योंकि पुलिस ने कपिल मिश्रा पर कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था। आप ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रही है और दंगों के असली गुनहगारों को बचाने की कोशिश कर रही है।
ज्ञात हो कि दिल्ली की एक अदालत ने हाल ही में कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं। इसके बावजूद अदालत ने अपने आदेश को बरकरार रखा और पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। आम आदमी पार्टी ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि वे कपिल मिश्रा की गिरफ्तारी तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।