नई दिल्ली (27 मार्च 2025): दिल्ली विधानसभा में इस वर्ष हिंदू नववर्ष के स्वागत में एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत की जा रही है। 30 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर 2082 के अवसर पर विधानसभा के लान में विशेष सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर एवं उनके कैलासा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति होगी। इस भव्य आयोजन के लिए विधानसभा भवन को विशेष रूप से पुष्पों से सजाया जाएगा और 1,500 से अधिक गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब किसी विधानसभा में इस प्रकार का सांस्कृतिक आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष नव ऊर्जा और उमंग का प्रतीक है, जो हमें अतीत की सीख के साथ नए संकल्पों की ओर प्रेरित करता है। इस आयोजन के दौरान अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रोली और चंदन से किया जाएगा और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी जाएंगी।
इस सांस्कृतिक संध्या की मुख्य अतिथि सीएम रेखा गुप्ता होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, दिल्ली के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों और समाज के प्रतिष्ठित लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इससे पहले, रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने 20 फरवरी को शपथ ग्रहण के बाद अपनी कैबिनेट के साथ यमुना आरती करके कामकाज की औपचारिक शुरुआत की थी। अब विधानसभा में इस सांस्कृतिक नवजागरण की पहल से भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए दिल्ली विधानसभा भारतीय संस्कृति की गरिमा को और ऊंचा उठाने की दिशा में एक नई मिसाल पेश करने जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।