बेटे की सड़क हादसे में मौत के चार साल बाद मामला दर्ज, सच्चाई जानकर चौंक जाएंगे आप!

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (24 मार्च 2025): नोएडा में एक हरियाणा निवासी ने अपनी बहू और छह अन्य रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। यह मामला बेटे की सड़क हादसे में मौत के चार साल बाद सामने आया है, जब अदालत के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हरियाणा के होडल निवासी लखमीचंद जैन ने सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू और उसके परिवार के सदस्य ने उनके बेटे की हत्या कर उसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की। यह घटना साल 2021 की है, जब लखमीचंद के छोटे बेटे अंकुर जैन की मौत हुई थी।

लखमीचंद जैन ने अदालत में दिए गए अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि उनके बेटे अंकुर की शादी नवंबर 2019 में राजस्थान के भरतपुर जिले की खुशबू जैन से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही अंकुर और उसकी पत्नी खुशबू के बीच विवाद शुरू हो गया था। एक बार अंकुर ने अपने पिता को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी का किसी हिम्मत नामक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है और दोनों घंटों मोबाइल पर बात करते थे। इस तनावपूर्ण स्थिति ने अंकुर को मानसिक रूप से परेशान कर दिया था। चार अप्रैल 2021 को लखमीचंद को फोन पर यह सूचना मिली कि अंकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। इसके बाद लखमीचंद ने अपने बेटे का अंतिम संस्कार होडल में किया।

लेकिन जब उन्होंने अपने बेटे के बैंक खाते की जांच की, तो पता चला कि उनकी बहू खुशबू ने अपने परिवार के सदस्यों, जिनमें उसका भाई पारस, पिता अजीत, हिम्मत यादव, सतेंद्र, गोलू उर्फ पंकज और अवधेश शामिल हैं, के साथ मिलकर जालसाजी की थी और अंकुर के खाते से 14 लाख रुपये निकाल लिए थे।

लखमीचंद ने जब नोएडा जाकर इस मामले की जानकारी लेने की कोशिश की, तो नामजद आरोपियों ने उन्हें धमकाया और वहां से भगा दिया। इसके बाद लखमीचंद ने पड़ोसियों से पूछताछ की और जानकारी मिली कि तीन अप्रैल 2021 को अंकुर के घर से तेज झगड़े की आवाजें आ रही थीं, और रात के वक्त कुछ लोग बड़े सामान को कार में रखकर ले जा रहे थे। इसके बाद, किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंकुर की बाइक भी लेकर चला गया था। लखमीचंद का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई और उसे एक सड़क हादसे के रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने इस मामले पर विरोध जताया, तो आरोपियों ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।

लखमीचंद ने पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन जब उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने अदालत का रुख किया। अदालत के आदेश पर अब आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नामजद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।