इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो बागवानी के साथ पीएम मोदी के विजन को कर रहा साकार: ब्रजेश सिंह, PWD मंत्री, यूपी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (22 मार्च 2025): भारत में बागवानी और कृषि क्षेत्र की प्रगति और नवीनतम तकनीकों को एक साथ लाने वाले प्रमुख आयोजनों में से एक, इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो (IIHE) 2025, का तीसरा संस्करण 20 से 22 मार्च 2025 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में भव्य आयोजन हुआ। यह एक्सपो भारत के बागवानी उद्योग को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के साथ-साथ इसे नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।

इस वर्ष की IIHE 2025 प्रदर्शनी 10,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां, बागवानी से जुड़े विशेषज्ञ और निवेशक हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रदर्शनी में बागवानी, नर्सरी, लैंडस्केपिंग और कृषि तकनीक के क्षेत्र से जुड़े उपकरणों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। INA पैवेलियन इस एक्सपो का एक विशेष आकर्षण बनकर उभरा है, जहां बागवानी उद्योग की कंपनियाँ अपनी नवीनतम उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रही हैं।

IIHE 2025 में 100 से अधिक प्रमुख कंपनियां अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं। इन कंपनियों द्वारा बागवानी उद्योग की नवीनतम तकनीकों, उन्नत उपकरणों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस मंच पर उद्योग जगत के दिग्गजों और नए उद्यमियों को व्यापारिक अवसरों के विस्तार के साथ-साथ बेहतर नेटवर्किंग का अवसर मिल रहा है। यह एक्सपो न केवल बागवानी क्षेत्र की ताकत को दर्शाता है, बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

IIHE 2025 में स्पेन, नीदरलैंड, तुर्की और चीन जैसी देशों की प्रमुख कंपनियां भाग ले रही हैं। इसके अतिरिक्त, ज़ाम्बिया एंबेसी की संभावित भागीदारी से अफ्रीकी देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल हो सकती है। यह एक्सपो भारतीय उद्यमियों के लिए नए निर्यात बाजारों के दरवाजे खोलने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे वैश्विक व्यापार अवसरों में वृद्धि हो सकती है।

IIHE 2025 सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह भारतीय बागवानी उद्योग के विकास और नवाचार को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन के माध्यम से किसानों, उद्यमियों और निर्यातकों को नई तकनीकों, आधुनिक कृषि उपकरणों और उन्नत व्यावसायिक संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।

इसी कड़ी में बृजेश सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री, जो मुख्य अतिथि के रूप में इस आयोजन में शामिल हुए, उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, मैं इस आयोजन में शामिल सभी डिग्निटरीज, आयोजकों और प्रदर्शकों का आभार व्यक्त करता हूं। यह आयोजन न केवल बागवानी क्षेत्र की प्रगति को प्रदर्शित कर रहा है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को भी साकार कर रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों की आय को दोगुना करना है। 2014 से पहले का भारत और 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश, दोनों के बीच जो अंतर आया है, वह मोदी सरकार के नेतृत्व और उनके दृष्टिकोण का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा, 2014 के बाद से भारत में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो परिवर्तन आए हैं, वह अद्वितीय हैं। आज यदि हम भारत के पासपोर्ट को विदेशों में दिखाते हैं, तो लोगों का नजरिया पूरी तरह से बदल चुका है। 2017 के बाद उत्तर प्रदेश का चेहरा भी बदला है। जहां पहले उत्तर प्रदेश को माफिया और अराजकता का राज्य माना जाता था, वहीं अब यह प्रदेश उद्योगों और व्यापार का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

हरेंद्र सिंह मलिक, मुजफ्फरनगर के सांसद, जो इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, ने भी टेन न्यूज की टीम से बातचीत के दौरान इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा, यह आयोजन न केवल उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले बागवानी उत्पादों के बारे में जानकारी प्रदान कर रहा है, बल्कि नर्सरी वालों को भी यह सीखने का अवसर मिल रहा है कि अच्छे पौधे और वृक्ष कैसे उगाए जाएं। यह एक ऐसा मंच है जहां प्रदर्शक अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकते हैं और उपभोक्ता उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने किसानों की स्थिति के बारे में भी बात की और कहा, जब तक सरकार मदद नहीं करेगी, किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार संभव नहीं है। किसान की इच्छा शक्ति ही उनकी तरक्की का आधार है। सरकार की नीतियों और दिशा-निर्देशों के साथ, किसानों की स्थिति में सुधार हो सकता है।

IIHE 2025 एक वैश्विक मंच बनकर उभरा है, जो न केवल बागवानी और कृषि उद्योग को नए अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि भारत को कृषि और बागवानी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान भी दिला रहा है। इस आयोजन के जरिए देश-विदेश के व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने, नई तकनीकों को प्रदर्शित करने और किसानों के लिए बेहतर अवसर उत्पन्न करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।