बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘डर के चलते सीएम और डिप्टी सीएम छोड़ रहे हैं सीट’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (09 दिसंबर 2024): आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जिसमें सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री, हर्ष मल्होत्रा उपस्थित रहे।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “हमारा श्लोगन जनता का श्लोगन है। ‘अब नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे’ यह जनता की मांग थी, और अब इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। अगर प्रदेश का उपमुख्यमंत्री अपनी सीट छोड़कर भाग रहा है, तो यह डर कितना बड़ा है, इसे समझा जा सकता है। हम पहले दिन से कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल का यह डर अच्छा है, क्योंकि दिल्ली की जनता अब आप सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।
इतने वर्षों के चुनावों में हमने देखा है कि कोई भी राजनीतिक दल अपनी सीट और उम्मीदवारों की घोषणा स्पष्ट रूप से करता है। लेकिन दिल्ली के दो मुख्यमंत्री और दोनों के नाम उम्मीदवारों की सूची से गायब हैं। मनीष सिसोदिया पटपड़गंज से भाग चुके हैं, और आतिशी मार्लेना के साथ अरविंद केजरीवाल भी जल्द भागने वाले हैं।
आज आम आदमी पार्टी ने जो सूची जारी की है, उसमें स्वराज की बात करने वाले अरविंद केजरीवाल ने अपनी ही पार्टी में परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। उन्होंने चांदनी चौक और कृष्णा नगर सीटों पर अपने चहेतों को टिकट दिए हैं। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें 14-15 सीटें बदलनी पड़ीं। यह कोई साधारण बात नहीं है कि उपमुख्यमंत्री को अपनी सीट छोड़कर भागना पड़े।
अरविंद केजरीवाल, जो कहीं नहीं जाते, वे अब अपने विधायक सोहेब इकबाल (मटिया महल) के घर भोजन करने गए। यह बताता है कि आम आदमी पार्टी के भीतर कितना हड़कंप मचा हुआ है।
भ्रष्टाचारियों का अंत निश्चित है। मनीष सिसोदिया, सीट बदलने से आपका चेहरा और आपकी चोरी नहीं छुप सकती। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को लूटने और बर्बाद करने का जो षड्यंत्र रचा, उसकी परिणति अब सामने आ रही है। उपमुख्यमंत्री को भागना पड़ा है, और कुछ दिनों में मुख्यमंत्री को भी भागना पड़ेगा क्योंकि उनकी जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है। उन्हें अब हर पल डर सता रहा है कि उनका भविष्य क्या होगा।”
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।