नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (20 मार्च, 2025): नोएडा के फेस-2 थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल और पैसे चोरी करने, झपटमारी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने और जानलेवा हमले जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल था।

गौतमबुद्धनगर पुलिस, 19 मार्च को सेक्टर-92 रेड लाइट चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उसने रुकने के बजाय तेजी से बाइक भगाने की कोशिश की और एनएसईजेड की ओर भागने लगा।

पुलिस ने जब उसका पीछा किया, तो आरोपी ने बाइक गिराकर पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान आसिफ उर्फ चीनी (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के भंगेल इलाके में रह रहा था। उसके पास से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, दो चोरी के मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, आसिफ अनपढ़ है और उस पर बुलंदशहर व नोएडा के विभिन्न थानों में झपटमारी, लूट, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने और हत्या के प्रयास जैसे 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।