दिल्ली विधानसभा में लोकतंत्र की मर्यादाओं पर जोर, ओम बिरला ने विधायकों को दी ये सीख
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (18 मार्च 2025): लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने और जनकल्याण के लिए काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “विधानसभा में होने वाली चर्चाएं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि यह देश में एक सकारात्मक संदेश भेज सके।” उन्होंने दिल्ली को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए कहा कि यहां सभी राज्यों के लोग रहते हैं, इसलिए विधायकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली के लोगों ने विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी के साथ सदन में भेजा है। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे जनता की समस्याओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिस भवन में वे बैठे हैं, उसने देश के स्वतंत्रता संग्राम के कई ऐतिहासिक क्षण देखे हैं। यह भवन न केवल स्वतंत्रता सेनानियों की विचारधारा का प्रतीक है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का भी केंद्र रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ने विधायकों को यह भी याद दिलाया कि विधानसभा की कार्यवाही केवल कानून निर्माण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह संवाद और बहस का एक मंच होना चाहिए, जहां सभी मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा हो। उन्होंने कहा कि विधायकों को यह समझने की जरूरत है कि जनता की अपेक्षाओं को कैसे पूरा किया जाए और किस तरह से लोकतांत्रिक संस्थानों को मजबूत किया जा सकता है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी इस अवसर पर नए विधायकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सदन के नए सदस्यों को विधानसभा की रूल बुक पढ़नी चाहिए और उसके अनुसार कार्यवाही में भाग लेना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 से 28 मार्च तक चलेगा, जिसमें 25 मार्च को बजट पेश किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में ओम बिरला ने विधायकों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और उनसे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।