गौतमबुद्ध नगर में समाधान दिवस: 32 शिकायतें दर्ज, 3 का हुआ निस्तारण

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतम बुद्ध नगर, (15 मार्च 2025): जिले की तीनों तहसीलों—दादरी, जेवर और सदर में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 32 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 3 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दादरी तहसील में जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर गंभीर है और सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करना चाहिए।

दादरी तहसील में कुल 14 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण मौके पर ही किया गया। इसी तरह, जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जहां 16 शिकायतें दर्ज हुईं और 1 शिकायत का निस्तारण मौके पर ही किया गया। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी चारुल यादव की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें जनता की ओर से 2 शिकायतें दर्ज कराई गईं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें और आवश्यकतानुसार संबंधित स्थानों पर जाकर समस्याओं का समाधान करें ताकि शिकायतों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, तहसीलदार दादरी ओमप्रकाश पासवान, पुलिस अधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।