महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता हमारी प्राथमिकता | IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय | Mission Shakti 6.0, NIET
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/11/2026): महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को साइबर अपराधों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित NIET कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के तहत विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) और NIET के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशासन एवं गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, कानूनी अधिकारों और यातायात नियमों के पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता को लेकर IBA की पहल
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने बताया कि इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं और शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में महिला सुरक्षा के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी भी बेहद जरूरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति में अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई।
प्रेरणा सिंह और ADCP मनीषा सिंह की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह और गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ADCP (यातायात एवं महिला सुरक्षा) मनीषा सिंह शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन आवश्यक प्रशासनिक बैठक के चलते वह उपस्थित नहीं हो सकीं।
इस अवसर पर NIET के निदेशक डॉ. विनोद, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. देश कुमार, कॉलेज की एएमडी मैम, IBA के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
औद्योगिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय IBA
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संगठन केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज के अलग-अलग वर्गों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी IBA की ओर से ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा। संगठन का प्रयास रहेगा कि युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता से जुड़े विषयों पर लगातार जागरूक किया जाए। मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित इस शिविर ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ समाज में सुरक्षित एवं जिम्मेदार वातावरण बनाने का संदेश दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।